गुजरात : राहुल गांधी के सॉफ्ट हिंदुत्व कार्ड के चलते छिना मुस्लिम वोट ? भाजपा को एक चौथाई से ज्यादा मिला मतदान !!

मुस्लिमों के बीच PM नरेंद्र मोदी !
gujrat news | Date: 19-Dec-2017 | 16:34:00
19 दिसंबर 2017,
नई दिल्ली\ अहमदाबाद !!
गुजरात विधानसभा चुनाव की सियासी बाजी एक बार फिर BJP के नाम रही. राज्य में पार्टी को बहुमत से सात सीटें ज्यादा मिली हैं. जबकि 10 से 12 सीटें ऐसी रही हैं, जहां मुस्लिम मतों के सहारे BJP ने जीत हासिल की. इन सीटों पर मुस्लिम मत BJP के बजाय अगर कांग्रेस के पक्ष में चले जाते तो राज्य की सियासी तस्वीर कुछ और हो सकती थी. हालांकि BJP ने एक भी सीट पर मुस्लिम उम्मीदवार नहीं उतारा था. इसके बावजूद BJP के पक्ष में 18 से 22 फीसदी मुस्लिम वोट पड़े जिनके सहारे BJP में जीत का छक्का लगा सकी.
तीन मुस्लिम विधायक जीते !
गुजरात में 9 फीसदी मुस्लिम मतदाता हैं. राज्य की करीब दो दर्जन सीटें ऐसी हैं, जहां मुस्लिम मतदाता जीत और हार का फैसला करते हैं. इस बार के चुनाव में कांग्रेस ने 6 मुस्लिम उम्मीदवार मैदान में उतारे थे. इनमें से तीन जीतने में सफल रहे. इमरान खेड़ा, जावेद पीरजादा और ग्यासुद्दीन शेख कांग्रेस के टिकट पर जीते. जबकि 2012 के चुनाव में सिर्फ 2 मुस्लिम विधायक जीते थे.
मुस्लिमों ने BJP को दिया इन सीटों पर वोट !
अहमदाबाद में मुस्लिमों को पहली पसंद कांग्रेस बनी, लेकिन बाकी क्षेत्रों में मुस्लिमों ने BJP उम्मीदवारों के पक्ष में अच्छा खासा मतदान किया. यह भी एक कारण रहा कि गुजरात की धोलका, वागरा, लिंबायत, सूरत की मंगरोल, कडी, भुज, भरुच और उमरेठ विधानसभा सीट पर BJP को जीत मिली.
धोलका विधानसभा सीट में BJP उम्मीदवार भूपेंद्र सिंह चुडासमा को 327 वोटों से जीत मिली. इस सीट पर 15 फीसदी मुस्लिमों ने BJP उम्मीदवार भूपेंद्र सिंह को वोट किया. अगर ये वोट BJP के बजाय कांग्रेस के पक्ष में जाता तो BJP उम्मीदवार की जीत की राह मुश्किल भरी हो जाती.
अरुण सिंह राणा 2628 वोट से जीते !
वागरा विधानसभा से BJP के अरुण सिंह राणा 2628 वोट से जीते हैं. इस सीट पर मुस्लिमों के करीब 24 फीसदी वोट बीजेपी के पक्ष में गए. लिंबायत विधानसभा सीट से संगीताबेन पाटिल ने जीत दर्ज की. इस सीट पर भी मुस्लिमों का करीब 35 फीसदी वोट BJP को मिला.
इसी तरह सूरत की मंगरोल विधानसभा सीट से गणपति सिंह वासवा के पक्ष में मुस्लिम खड़े नजर आए. कडी विधानसभा से करणभाई सोलंकी, भुज विधानसभा सीट डॉ. निमाबेन अचार्य, भरुच सीट से दुष्यंत पटेल और उमरेठ विधानसभा सीट से उतरे गोविंद परमार को अच्छा खासा मुस्लिम वोट मिला.
अहमदाबाद से बाहर का मुस्लिम BJP के साथ !
गुजरात केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रोफेसर जया प्रकाश प्रधान का कहना है कि गुजरात कारोबारियों का राज्य है. BJP सरकार ने कारोबार के लिए नीतियां बनाई हैं. इसका फायदा मुस्लिमों को भी मिला है. इसके अलावा जिन सीटों पर मुस्लिमों के वोट BJPके पक्ष में गए हैं, वो 2002 के दंगे से प्रभावित नहीं हुआ था. अहमदाबाद का क्षेत्र सबसे ज्यादा दंगों की चपेट में था. इसीलिए इस इलाके के मुसलमान BJP को वोट नहीं करते. वहीं सौराष्ट्र, दक्षिणी गुजरात के मुसलमानों में BJP ने अपनी जगह बनाई है, जिसके चलते कुल मुस्लिम वोटों का 20-25 फीसदी वोट उसे मिला है.
'मुसलमान को चाहिए सुरक्षा और विकास' !
BJP अल्पसंख्यक मोर्चे के गुजरात प्रदेश अध्यक्ष सूफी महबूब अली चिस्ती ने कहा, 'मुसलमानों को चाहिए क्या, सुरक्षा और विकास. गुजरात में दोनों मुसलमानों को मिल रहा है.' उन्होंने कहा कि पिछले 15 साल में BJP के राज में गुजरात दंगा और कर्फ्यू मुक्त बना है. जबकि कांग्रेस के दौर में एक भी साल ऐसा नहीं गुजरा जब दंगा न हुआ हो. इसीलिए गुजरात का मुसलमान BJP के संग है.
राहुल के सॉफ्ट हिंदुत्व से हुआ नुकसान ?
मुस्लिम वोट कांग्रेस के परंपरागत वोट रहे हैं. मुसलमान BJP के वोट बैंक नहीं माने जाते. इसके बावजूद यदि गुजरात में BJP को करीब एक चौथाई मुस्लिम वोट मिले हैं तो इसके पीछे सवाल उठ रहे हैं कि क्या ये राहुल गांधी के सॉफ्ट हिंदुत्व कार्ड के चलते हुए. राहुल गांधी इन चुनावों में मंदिर-मंदिर घूमते रहे. मुस्लिम इलाकों में उनकी सभाएं सीमित रहीं. पिछले चुनावों के विपरीत कांग्रेस ने इस बार मुस्लिम धर्मस्थलों से दूरी बनाए रखी. राहुल को जनेऊधारी ब्राह्मण और शिवभक्त के रूप में पेश किया गया. जबकि BJP ने अपने अल्पसंख्यक नेताओं को गुजरात में मुस्लिमों के बीच प्रचार के लिए भेजा.

पॉपुलर न्यूज़
फोटो न्यूज़
- उत्तर प्रदेश:लखनऊ|कानपुर | आगरा |बरेली |मेरठ |मुरादाबाद |इलाहाबाद |वाराणसी
- उत्तराखंड:देहरादून |हरिद्वार |रुद्रपुर |नैनीताल |अल्मोड़ा | पिथौरागढ़ | पौड़ी गढ़वाल | टेहरी गढ़वाल
- दुनिया : चीन |पाकिस्तान |अमेरिका |ऑस्ट्रेलिया |जापान |ब्रिटेन |बांग्लादेश |श्रीलंका |रूस |उत्तर कोरिया |अन्य
- खेल : हॉकी | क्रिकेट | कब्बडी | बैडमिंटन | टेनिस | एथलेटिक्स | फुटबॉल
- मनोरंजन : मूवी | छोटा पर्दा | हॉलीवुड | गॉसिप्स | फनी वीडियोस | जोक्स
- लाइफस्टाइल : फैशन | गैजेट्स | बाइक | फोर व्हीलर | गार्डन | ब्यूटी टिप्स
- चिकित्सा : आयुर्वेद | अलोपथी | होम्योपथी | यूनानी | घरेलू नुस्खा
Follow Us
Subscribe To Our Newsletter
Copyright © 2018 - All Rights Reserved - Khabar 7
Powered By Siabak Creativo